सिंगरौली 17 जून। भाजपा मेयर पद के दावेदार इन्द्रेश पाण्डेय एवं कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कुन्दन पाण्डेय ने आज अचानक पाला बदल दिया है। हालांकि कुन्दन पाण्डेय तीन दिन पहले ही पार्टी से इस्तीफा सौंप दिया है। आज दोनों भाजपा, कांग्रेस पार्टी के नेता आम आदमी पार्टी प्रत्याशी के साथ नजर आये। जहां आज पूरे दिन राजनैतिक सरगर्मियां तेज हो गयी हैं। वहीं भाजपा की चिंताएं बढ़ गयी हैं।
दरअसल सिंगरौली ननि मेयर के लिए विधायक रामलल्लू के घोर समर्थक इन्द्रेश पाण्डेय मेयर पद के लिए दावेदारी कर रहे थे। वे आश्वस्त थे की मेयर का टिकट हर हाल में मिलेगा। लेकिन ऐन वक्त पर ननि के पूर्व अध्यक्ष चन्द्रप्रताप विश्वकर्मा ने बाजी मार गये।
इसके बाद से ही इन्द्रेश पाण्डेय काफी नाराज हो गये और भाजपा को सबक सिखाने के लिए आम आदमी पार्टी के साथ कदम ताल मिलाने लगे हैं। वहीं कांग्रेस पार्टी के नेता कुंदन पाण्डेय ने भी आम आदमी प्रत्याशी के साथ नजर आये। भाजपा व कांग्रेस के दो नेताओं ने आम आदमी पार्टी के पाले में चले जाने से दोनों दलों के प्रत्याशियों की चिंताएं बढऩे लगी हैं।
भाजपा व कांग्रेस के दोनों नेताओं ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता लिया है की नहीं इस पर अभी कुछ कह पाना जल्दबाजी होगी। लेकिन आज पूरे दिन इन्द्रेश पाण्डेय को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। यहां बताते चलें की इन्दे्रश पाण्डेय का ब्राम्हण समाज में काफी बर्चस्व है। उनके बगावती सुर से भाजपा की चिंता दुगुनी हो गयी है।
भाजपा,कांग्रेस में बगावती सुर तेज
नगरीय निकाय चुनाव में टिकट वितरण को लेकर भाजपा, कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष दिखने लगा है। एक के बाद एक कार्यकर्ता पार्टी छोड़ रहे हैं। कार्यकर्ताओं के नाराजगी से दोनों दल के नेता बेहद चिंतित नजर आ रहे हैं। हालांकि ऐसे भाजपा कार्यकर्ताओं को मनाने की कवायदें चल रही हैं। वहीं यह माना जा रहा है की ऐसे कार्यकर्ता केवल पार्टी के स्वार्थ से जुड़े हुए हैं। नाराज होकर पार्टी बदलने वाले नेताओं को भाजपा ज्यादा तरजीह नहीं दे रही है।