गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने किया ऐलान, होमगार्ड के जवानों की तीन साल में एक बार ही होगी सर्विस ब्रेक।
होमगार्ड के जवानों ने आपदा के समय अद्भुत साहस और शौर्य का प्रदर्शन किया है। अब से होमगार्ड के जवानों का 3 वर्ष में एक बार कॉल ऑफ किया जाएगा। यह ऐलान गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने होमगार्डस नागरिक सुरक्षा एवं आपदा, आपातकालीन मोचन बल के 75वें स्थापना दिवस पर किया।
मंत्री ने कहा कि जबलपुर में 135 करोड़ रुपए की लागत से राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन दल को आधुनिक उपकरणों से लैस करने के लिए 50 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत कर दी गई है। समारोह में मंत्री डॉ. मिश्रा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों के साथ होमगार्ड जवानों के होनहार विद्यार्थियों को भी सम्मानित और पुरस्कृत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के द्वारा होमगार्ड के जवानों के लिए भेजे गए संदेश का वाचन भी किया।.
महानिदेशक होमगार्ड नागरिक सुरक्षा पवन जैन उपस्थित रहे। होमगार्ड परेड ग्राउंड में 75वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में गृह मंत्री डॉ. मिश्रा को मार्च पास्ट कर सलामी दी गई। एसडीईआरएफ के जवानों ने आपदा बचाव कार्यों का अद्भुत प्रदर्शन किया। मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि होमगार्ड के जवानों ने बेहतरीन कार्य किया है।