भोपाल स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट को लेकर मंत्रालय में सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मीटिंग की।
इस दौरान वे कई प्रोजेक्ट में गड़बड़ी और लापरवाही को लेकर नाराज हो गए। उन्होंने स्मार्ट सिटी के अफसरों को फटकार भी लगाईं। बोले कि भोपाल में स्मार्ट सिटी के कैमरे बंद पड़े हैं। पहले बहुत गड़बड़ हुई है। उसे फाइलें निकालकर देखिये।
उन्होंने सीसीटीवी का काम पुलिस को देने की बात कहीं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन में जनता की आवश्यकता और शहर की प्राथमिकता के अनुसार जन-प्रतिनिधियों और नगरवासियों की सलाह से कार्यों की प्राथमिकता तय होगी तथा उसके अनुरूप ही निर्माण कार्य संचालित किए जाएंगे।
स्मार्ट सिटी निर्माण में सौन्दर्यीकरण के स्थान पर उपयोगिता और जनता की सुविधा को प्राथमिकता बनाया जाएगा। कोई भी नया टेण्डर नहीं होगा और जो कार्य आरंभ नहीं हुए हैं उनकी समीक्षा की जाएगी। राशि का मितव्ययी और सही उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।