नगर निगम में कार्य कर रही निजी संस्था डिमाइन इंडिया ने एक सौ से अधिक कर्मचारियों के पीएफ का पैसा हजम कर लिया है। प्रभावित कर्मचारियों ने नगर निगम अध्यक्ष से इस आशय की शिकायत की है। कर्मचारियों का कहना है कि वह पहले एक दूसरी संस्था के अधीन कार्य कर रहे थे। संस्था द्वारा जमा की गई पीएफ की रकम उनके संज्ञान में आई थी, लेकिन उसके बाद से उनके लिए पीएफ की कोई राशि नहीं जमा की गई। कर्मियों ने शिकायत कर अध्यक्ष व महापौर से पीएफ का पूरा पैसा जमा कराने और समय पर वेतन दिलाने की मांग की है।
नगर निगम में डिमाइन इंडिया नाम की संस्था को वाहन चालकों के नियुक्ति की जिम्मेदारी दी गई है। फरवरी 2022 से निगम में कार्य कर रही इस संस्था के अधीन वर्तमान में 100 से अधिक कर्मी कार्य कर रहे हैं। जबकि कई ने बीच में सेवा छोड़ दी है। इस तरह से अब तक संस्था के करीब एक सैकड़ा कर्मी इस अनियमितता से प्रभावित हुए हैं। वर्तमान में कार्यरत प्रभावित कर्मियों का कहना है कि इसकी शिकायत पूर्व में अधिकारियों से भी की गई है। अधिकारियों की ओर से संस्था को आदेश भी जारी किए गए, लेकिन नतीजा सिफर रहा है।